आखरी अपडेट:
ब्रिटेन की ट्रेसी किस ने दावा किया है कि वह अपना खून फिल्टर कराकर ‘सुपर ह्यूमन’ बन गई हैं। साइमन कॉवेल की तरह अपना खून साफ कराने के बाद अब वह अपनी असली उम्र से 8 साल छोटी दिखती हैं।

आज के दौर में लोग जवान दिखने और उम्र को मात देने के लिए क्या कुछ नहीं करते। कोई महंगी सर्जरी कराता है तो कोई कॉस्मेटिक्स का सहारा लेता है, लेकिन इंग्लैंड के बकिंघमशायर की रहने वाली 36 साल की ट्रेसी किस ने ऐसा तरीका अपनाया है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। ट्रेसी ने ब्रिटेन गॉट टैलेंट से मशहूर हुए टीवी जज साइमन कॉवेल की तरह ‘ब्लड फिल्टरिंग’ कराने का फैसला किया। इस प्रक्रिया में शरीर से सारा खून निकालकर एक मशीन के जरिए फिल्टर किया जाता है और फिर वापस शरीर में डाल दिया जाता है। ट्रेसी का दावा है कि इस तकनीक से वह न सिर्फ जवान दिख रही हैं बल्कि एक ‘सुपर ह्यूमन’ जैसा महसूस भी कर रही हैं।
दो बच्चों की मां ट्रेसी ने इस बायोहैकिंग तकनीक पर करीब 2 लाख रुपये (£1,995) खर्च किए हैं। अक्टूबर 2025 में की गई इस प्रक्रिया के बाद वह तब हैरान रह गईं जब उनके खून से 400 मिलीलीटर अपशिष्ट निकला। ट्रेसी का कहना है कि खून से गंदगी और विषाक्त पदार्थ निकल जाने के बाद उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनके शरीर का सिस्टम रीसेट हो गया हो। उन्होंने इसकी तुलना स्पोर्ट्स कार की सर्विसिंग से की. उनके मुताबिक, इस प्रक्रिया के बाद अब उनकी जैविक उम्र उनकी वास्तविक उम्र से 8 साल कम यानी 28 साल रह गई है। ट्रेसी अकेली नहीं हैं जो इस अजीब तकनीक की दीवानी हैं। ऑरलैंडो ब्लूम और साइमन कॉवेल जैसे बड़े हॉलीवुड स्टार्स ने भी इसे अपनाया है।

साइमन कॉवेल ने हाल ही में स्वीकार किया कि वह लंबे समय तक युवा बने रहने के लिए अपना खून धोते और फ़िल्टर कराते हैं। ट्रेसी का मानना है कि लोग मेकअप और सर्जरी के जरिए बुढ़ापे को छिपाने की कोशिश करते हैं, जो मास्क पहनने जैसा है। असली सौंदर्य और स्वास्थ्य आंतरिक स्वच्छता से आता है। जब रक्त से विषैले तत्व बाहर निकल जाते हैं तो शरीर रोगों से लड़ने में अधिक सक्षम हो जाता है। इस प्रक्रिया के फायदे बताते हुए ट्रेसी ने कहा कि अब वह जिम में पहले से ज्यादा वजन उठा सकती हैं और उनका एनर्जी लेवल भी काफी बढ़ गया है. खून साफ होने से उनके शरीर में सूजन कम हो गई है और कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा भी कम हो गया है।
वह कहती हैं कि जब हम अपने वॉटर फिल्टर या केतली की गंदगी साफ करते हैं तो हम अपने शरीर की सफाई क्यों नहीं कर सकते? ट्रेसी का दावा है कि खून फिल्टर होने के बाद उन्हें जिंदगी की सबसे अच्छी नींद आई और अब वह मानसिक रूप से काफी शांत महसूस करती हैं। हालाँकि, ट्रेसी का सर्जरी और कॉस्मेटिक परिवर्तनों का एक लंबा इतिहास है। इससे पहले उन्होंने एक साथ छह सर्जरी करवाई थीं, जिस पर उन्होंने करीब 40 लाख रुपये खर्च किए थे। उस समय उन सर्जरी से उनके लुक में कोई खास फर्क नहीं पड़ा, लेकिन ‘खून की सफाई’ ने उनकी जिंदगी पूरी तरह से बदल दी। फिलहाल सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे सेहत के लिए खतरनाक बता रहे हैं तो कुछ इसे जीवनरक्षक मान रहे हैं.
लेखक के बारे में
न्यूज18 हिंदी (नेटवर्क 18) डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत। इंटरनेशनल, वेब स्टोरी, ऑफबीट, रीजनल सिनेमा के प्रभारी। डेढ़ दशक से अधिक समय से मीडिया में सक्रिय। नेटवर्क 18, टाइम्स ग्रुप के अलावा…और पढ़ें











Leave a Reply