चंदौली: जिले के शहाबगंज ब्लॉक अंतर्गत भतरौल गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खेतों और आबादी के बीच प्रकृति का बेहद रोमांचक नजारा देखने को मिला. गांव के पास अचानक एक सांप और नेवले के बीच आमने-सामने भीषण संघर्ष शुरू हो गया, जिसे देखते ही कुछ ही देर में वहां मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. वहीं दिलचस्प बात ये है कि इस जबरदस्त लड़ाई को देखने के लिए एक बिल्ली भी आई थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत के किनारे एक विशाल सांप दिखाई दिया, जिसे देखकर पास मौजूद नेवला आक्रामक हो गया. जैसे ही दोनों का आमना-सामना हुआ तो चंद सेकेंड में ही मुठभेड़ जिंदगी और मौत की जंग में बदल गई. सांप ने फुंफकार कर नेवले को डराने की कोशिश की, जबकि नेवला अपनी चपलता और चालाकी से सांप पर हमला करता रहा. दोनों के बीच की लड़ाई इतनी जबरदस्त और खतरनाक थी कि देखने वालों की सांसें थम गईं।
नेवला सांप पर हमला करता रहा
नेवले ने अपनी प्राकृतिक रणनीति का भरपूर उपयोग किया। वह बार-बार सांप पर हमला करता, फिर बिजली की गति से पीछे हट जाता। सांप ने भी कई बार पलटवार करने की कोशिश की, लेकिन नेवले की तेजी के आगे वह सफल नहीं हो सका. कुछ मिनटों के इस भीषण संघर्ष के बाद नेवले ने निर्णायक हमला किया और सांप को पूरी तरह से अपने वश में कर लिया। अंत में नागराज की मौके पर ही मृत्यु हो गई और नेवला विजयी होकर चला गया।
मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये. लोगों ने इस दृश्य को मोबाइल फोन से रिकॉर्ड भी किया. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जीवन में पहली बार इतना रोमांचक और खतरनाक संघर्ष इतने करीब से देखा है. कुछ लोगों ने इसे कुदरत का खेल बताया तो कुछ ने इसे सीखने लायक सबक माना.
प्रत्येक जीवित प्राणी अपने लिए लड़ता है
यह घटना एक बार फिर प्रकृति के कठोर, लेकिन सटीक नियमों को दर्शाती है, जहां हर जीवित प्राणी अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करता है। सांप और नेवले के बीच की यह लड़ाई न सिर्फ रोमांचक थी, बल्कि इससे यह भी साबित होता है कि जंगल और प्रकृति की दुनिया में ताकत के साथ-साथ चपलता और बुद्धि भी जीवन बचाने के सबसे बड़े हथियार हैं.











Leave a Reply